नाथद्वारा @ राजसमन्द टाइम्स। मदन पालीवाल मिराज स्पोर्ट्स सेंटर (एमपीएमएससी) में छह से बारह सितंबर तक आयोजित एमपीएमएससी सीनियर महिला आमंत्रण क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
नाथद्वारा में पहली बार आयोजित इस सात दिवसीय अंतरराज्यीय महिला टी-20 प्रतियोगिता के सभी मुकाबले बीसीसीआई की टी-20 खेल शर्तों के अनुरूप खेले गए।

टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS), झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) और ओडिशा क्रिकेट एसोसिएशन (OCA) की टीमों ने भाग लिया। एमपीएमएससी प्लेफील्ड पर कुल सात रोमांचक मुकाबले खेले गए।

फाइनल में जेएससीए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 148/7 का स्कोर बनाया और सीएससीएस को 132 रन पर समेटकर मुकाबला 16 रन से जीत लिया। इसके साथ ही जेएससीए ने चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि सीएससीएस उपविजेता रही।

सीएससीएस की के. प्रत्युषा ने सर्वाधिक 252 रन बनाकर बल्लेबाजी तालिका में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, सीएससीएस की प्रीति यादव ने सर्वाधिक नौ विकेट लेकर गेंदबाजी तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

जेएससीए के मुख्य प्रशिक्षक सतीश सिंह ने एमपीएमएससी में अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा कि “जब मैंने पहली बार उदयपुर के निकट नाथद्वारा स्थित एमपीएमएससी के बारे में सुना, तो यहां की खेल सुविधाओं को देखने और अनुभव करने के लिए काफी उत्सुक था। यहां पांच मैच खेलने के बाद मैं इस शानदार खेल केंद्र की परिकल्पना को साकार करने वाले दूरदर्शी मदन पालीवाल का हृदय से आभार व्यक्त करना चाहता हूं। उन्होंने खेल जगत को एक अत्यंत सुंदर और उत्कृष्ट सुविधा की सौगात दी है। हम भविष्य में यहां दोबारा आना चाहेंगे।”

क्रिकेट के साथ-साथ खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ ने प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ बिलीफ का भ्रमण किया। इससे उनका नाथद्वारा प्रवास खेल और आध्यात्मिक अनुभव-दोनों दृष्टियों से यादगार बन गया।

एमपीएमएससी ने टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागी संघों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, मैच अधिकारियों और सहयोगी टीमों के प्रति आभार व्यक्त किया।