राजसमंद। रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विभिन्न जिलों की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के पुलिसकर्मियों, आत्मरक्षा प्रशिक्षण दल की महिला पुलिसकर्मियों एवं महिला यूथ सीएलजी सदस्यों से ऑनलाइन संवाद किया।

कार्यक्रम में जिला राजसमंद से जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ, बंशीलाल जिला मुख्यालय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। जिले की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, आत्मरक्षा प्रशिक्षण दल की महिला पुलिसकर्मियों एवं महिला यूथ सीएलजी सदस्यों ने भी सहभागिता की। मुख्यमंत्री महोदय ने प्रतिभागियों के अनुभव एवं सफलता की कहानियां सुनीं तथा इन प्रयासों को भविष्य में और प्रभावी बनाने पर चर्चा की।
संवाद के दौरान ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’, महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, राजकॉप सिटीजन ऐप की उपयोगिता तथा साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, ऑनलाइन नौकरी एवं संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाली ठगी के प्रति सतर्क रहने तथा साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में बताया गया। महिला हेल्पलाइन 1090 एवं आपातकालीन सहायता नंबर 112 का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।
साथ ही त्योहारों एवं आयोजनों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने में महिला यूथ सीएलजी सदस्यों के सहयोग पर चर्चा हुई। नशामुक्ति अभियान एवं महिला सुरक्षा संबंधी गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा पुलिस और आमजन के बीच समन्वय एवं विश्वास को मजबूत करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर महिला अनुसंधान प्रकोष्ठ से महिला कांस्टेबल धीरज सोलंकी एवं कांस्टेबल सुभाष तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हेड कांस्टेबल पीयूष पालीवाल, हेड कांस्टेबल रतनलाल एवं कांस्टेबल अमित कुमार भी उपस्थित रहे।