विभिन्न चरणों में सेवा, जनजागरूकता, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं सुशासन संवाद के होंगे कार्यक्रम
जिला कलक्टर ने तैयारियों को लेकर बैठक ली, सफल आयोजन के दिए निर्देश

राजसमंद (कमल मानव)। विकसित भारत–जन सेवा अभियान के संचालन की कार्ययोजना तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा के संबंध में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में रविवार सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी वीसी कक्ष में बैठक आयोजित हुई। इस दौरान एडीएम राजकुमार कस्वा, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा, एसडीएम ओम प्रभा सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, तो वहीं अन्य सभी एसडीएम, बीडीओ सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी से जुड़े।
जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से आयोजित होने वाली गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। प्रेजेंटेशन के पश्चात जिला कलक्टर द्वारा सभी विभागों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां करने तथा अभियान के माध्यम से अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्यों की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रदेशभर में जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विभिन्न गतिविधियां होंगी आयोजित:
सेवा अभियान के तहत जिले में सेवा भावना, जनभागीदारी, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत राज्य, जिला एवं स्थानीय स्तर पर निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान की कार्ययोजना में प्रमुख सेवा गतिविधियों के साथ इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 3-स्तरीय उत्तरदायित्व व्यवस्था निर्धारित की गई है।
जलेंगे आशीर्वाद के दीये, लाभार्थी बताएंगे अनकही कहानियां:
अभियान के प्रथम चरण में 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ तथा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। ‘मेरे सपनों का भारत—चित्रसेवा’ गतिविधि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी। ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के तहत प्रेरणादायक सेवा कार्यों एवं समाजसेवा से जुड़ी कहानियों का संकलन एवं जन-प्रसार किया जाएगा।
अभियान के आगामी चरण में 25 से 27 सितंबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत स्थानीय आंगनवाड़ी एवं बाल कल्याण केंद्रों से संपर्क एवं सेवा कार्य किए जाएंगे। ‘सेवा की कहानी’ के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रेरणादायक समाजसेवा गाथाओं का संकलन एवं जन-प्रसार होगा। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से जनजागरूकता, सांस्कृतिक प्रेरणा एवं सद्भावना का संदेश दिया जाएगा। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलेगा।
जन समस्याओं के समाधान को लेकर लगेंगे शिविर:
‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ग्रामीण स्तर पर 19 से 25 सितंबर तथा शहरी क्षेत्र में 8 से 16 अक्टूबर तक जनसमस्याओं के निराकरण एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित विशेष शिविर आयोजित होंगे। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत ग्रामीण क्षेत्र में 24 सितंबर एवं शहरी क्षेत्र में 11 अक्टूबर को सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों तथा कला प्रस्तुतियों के माध्यम से आयोजित की जाएगी। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ 1 से 15 अक्टूबर तक सामाजिक नवाचार एवं युवा समाधान को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित होगा। ‘सुशासन सेवा संवाद’ के माध्यम से नागरिकों एवं प्रशासन के मध्य सुशासन विषय पर प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया जाएगा।
बैठक लेकर कलक्टर ने सभी गतिविधियों के नियमानुसार सफल आयोजन के निर्देश दिए, ताकि जन सेवा का संकल्प जन-जन तक पहुंच सके।