आरयूआईडीपी के तहत ब्रह्मपुरी में सामुदायिक संवाद कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं को बताए मीटरयुक्त जल कनेक्शन के लाभ

राजसमन्द। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के तहत नाथद्वारा शहर में बेहतर पेयजल व्यवस्था विकसित करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने एवं परियोजना के क्रियान्वयन में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गोपेला ब्रह्मपुरी क्षेत्र में महिलाओं के साथ सामुदायिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को नई जल प्रदाय योजना से होने वाले बदलावों, मीटरयुक्त जल कनेक्शन के लाभों तथा जल के सदुपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सीएपीपी के सामाजिक विकास विशेषज्ञ श्रीकांत शर्मा ने बताया कि किसी भी पेयजल परियोजना की वास्तविक सफलता केवल पाइपलाइन बिछाने अथवा घरों तक पानी पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक द्वारा जल का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नई जल प्रदाय योजना के पूर्ण होने पर शहरवासियों को पर्याप्त मात्रा एवं उचित दबाव के साथ मीटरयुक्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इससे शहर की जल वितरण व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं सुदृढ़ होगी तथा पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने में भी सहायता मिलेगी।

उन्होंने महिलाओं को जल संरक्षण के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देते हुए बताया कि दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर बड़ी मात्रा में पानी बचाया जा सकता है। इसके लिए घरों में टपकते नलों की समय पर मरम्मत करवाने, पानी की टंकियों को ओवरफ्लो होने से रोकने, वाहन धोने में पाइप के स्थान पर बाल्टी का उपयोग करने तथा घरेलू कार्यों में आवश्यकतानुसार ही पानी इस्तेमाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार अथवा किसी परियोजना की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

महिलाएं बनें जल संरक्षण की संदेशवाहक

कार्यक्रम में एएसडी ममता शर्मा ने कहा कि परिवार में जल के उपयोग एवं संरक्षण को लेकर महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाएं अपने घरों से जल संरक्षण की शुरुआत कर आसपास के परिवारों को भी इसके लिए प्रेरित करें, तो पूरे क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं से जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने तथा नई पेयजल परियोजना के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने जल की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करने, पानी की बर्बादी रोकने तथा अन्य परिवारों को भी जल संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सोशल आउटरीच टीम की पूर्णिमा जोशी भी उपस्थित रहीं।

You missed