राजसमंद। पुलिस शहीद दिवस 2026 के अवसर पर पुलिस लाइन राजसमंद में अमर शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिले के पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने शामिल होकर शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

देश की आन, देश की शान – कर्तव्य पथ पर प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को शत-शत नमन

समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों की नामावली का वाचन किया गया। तत्पश्चात शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए गए। इसके उपरांत ‘शोक शस्त्र’, दो मिनट के मौन, ‘लास्ट पोस्ट’ बिगुल वादन तथा तीन फायर वॉली के साथ अमर शहीदों को अंतिम सलामी दी गई। जिले के पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ बंशी लाल, वृताधिकारी राजसमंद नेत्रपाल सिंह, वृताधिकारी नाथद्वारा शिप्रा राजावत, पुलिस उप अधीक्षक डी.पी. दाधीच, पुलिस उप अधीक्षक मुकेश कुमार, पुलिस उप अधीक्षक सुश्री सेजल शेखावत, थानाधिकारी राजनगर ओंकार सिंह एवं थानाधिकारी कांकरोली सरोज बैरवा सहित जिले के पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। समारोह में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी प्रेम सिंह, देवेंद्र सिंह, भंवर सिंह मारवाड़, राम सिंह, भेरू सिंह एवं दुर्गादान सहित अन्य सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी भी शामिल हुए।

समारोह के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से रूबरू हुए। उन्होंने उनसे आत्मीय मुलाकात कर संवाद किया।

पौधारोपण और रक्तदान


श्रद्धांजलि समारोह के पश्चात पुलिस अधिकारियों एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अमर शहीदों की स्मृति में पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया। शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। इसी क्रम में पुलिस लाइन में आयोजित रक्तदान शिविर में थानाधिकारी राजनगर ओंकार सिंह सहित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में सहयोग के उद्देश्य से किए गए इस रक्तदान के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने जनसेवा, संवेदनशीलता एवं सामाजिक दायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

अमर शहीदों का साहस और बलिदान सदैव हमारी प्रेरणा बना रहेगा।