नाथद्वारा। शहर के समीपवर्ती उपली ओडन क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे एक भारी-भरकम अजगर दिखाई दिया। करीब 7 फीट लंबे इस नर अजगर को देखकर स्थानीय ग्रामीणों की मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों में रोष, सरपंच पद दावेदार ने संभाला मोर्चा
घटना के दौरान क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे सरपंच पद के दावेदार हेमंत कुमार पालीवाल तुरंत मौके पर पहुंचे। अजगर की मौजूदगी से सहमे ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी, लेकिन काफी देर तक विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर ग्रामीणों में भारी रोष पनप गया। परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेमंत पालीवाल ने मामले की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई। उनके प्रयासों के बाद वन विभाग ने निजी वन्य जीव प्रेमियों की टीम को मौके पर भेजा।
सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
वन्य जीव प्रेमियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित तरीके से अजगर का रेस्क्यू किया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चैन की सांस ली। ग्रामीणों ने बताया कि यह अजगर पिछले काफी दिनों से कॉलेज परिसर के पीछे और आसपास के खेतों में घूम रहा था। यह अजगर लगातार क्षेत्र में आवारा श्वानों (कुत्तों) और बकरियों का शिकार कर रहा था, जिससे पालतू पशुओं के मालिकों और आमजन में दहशत का माहौल था। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ सुरक्षित स्थान पर ले गई। जानकारों के अनुसार यह नर अजगर काफी खतरनाक प्रकृति का था, समय रहते इसका रेस्क्यू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।