पर्यवेक्षक सहित कलक्टर , एसपी ने संभाला फील्ड में मोर्चा, व्यवस्था निरीक्षण कर दिए दिशा निर्देश

राजसमंद। नगर निकाय चुनाव 2026 के प्रथम चरण के तहत नाथद्वारा एवं आमेट नगरपालिकाओं में मतदान जारी है। शाम 6:00 बजे तक नाथद्वारा नगरपालिका में कुल 29,355 मतदाताओं में से 25,358 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां मतदान प्रतिशत 86.38 प्रतिशत दर्ज किया गया।

इसी प्रकार आमेट नगरपालिका में शाम 6:00 बजे तक कुल 12,667 मतदाताओं में से 9,647 मतदाताओं ने मतदान किया। आमेट में 76.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

पर्यवेक्षक ऋषभ मंडल ने राजसमंद नगर परिषद के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिये।
इस दौरान राजसमंद नगर परिषद के रिटर्निंग अधिकारी ओम प्रभा एवं तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह कीकावत मय टीम उपस्थित रहे।

नाथद्वारा एवं आमेट नगरपालिकाओं में जारी मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरुण कुमार हसीजा एवं पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलक्टर-एसपी दोनों ही दिनभर फील्ड में रहे और मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं को देखते रहे। दोनों अधिकारियों ने नाथद्वारा के आदर्श मतदान केंद्र क्रमांक 13 – स्वतंत्रता सेनानी स्व. श्री नरेन्द्र पाल सिंह चौधरी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, नाथद्वारा का निरीक्षण किया। 
उन्होंने मतदान प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, मतदाताओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली। अधिकारियों ने मतदान कार्मिकों से मतदान प्रक्रिया के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात कलक्टर एवं एसपी कृषि विस्तार कार्यालय, नाथद्वारा स्थित मतदान केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने मतदान केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मतदाताओं के सुगम एवं व्यवस्थित मतदान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही एवं व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया।

तत्पश्चात कलक्टर-एसपी ने आमेट नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपादित करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि नगर निकाय चुनाव के द्वितीय चरण के तहत राजसमंद नगर परिषद में 11 सितंबर को मतदान होना है। इसके मद्देनजर प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों पर आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।