राजसमंद नगर परिषद में 81.19%, भीम नगर पालिका में 82.49% एवं देवगढ़ नगर पालिका में 83.58% मतदान

मतदाताओं में दिखा उत्साह, नव मतदाताओं से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक किया मतदान

कमल मानव @ राजसमन्द टाइम्स ।

राजसमंद । नगर निकाय चुनाव 2026 के द्वितीय चरण के तहत जिले के 3 नगरीय निकायों (राजसमंद, भीम एवं देवगढ़) में शुक्रवार, 11 सितंबर को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं। नव मतदाताओं से लेकर बुजुर्ग मतदाताओं तक सभी वर्गों ने लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। राजसमंद नगर परिषद में अंतिम रूप से 81.19%, भीम नगर पालिका में सायं 6 बजे तक 82.49% तथा देवगढ़ नगर पालिका में अंतिम रूप से 83.58% मतदान दर्ज किया गया।

मतदान केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्थाओं के साथ मतदाताओं की सुविधा और सुचारू मतदान प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया गया। अनेक मतदान केंद्रों पर युवा मतदाता पहली बार मतदान करने को लेकर उत्साहित नजर आए, वहीं बुजुर्ग मतदाताओं ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। महिला मतदाताओं की भी मतदान में सक्रिय भागीदारी रही। दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा एवं जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने मतदान दिवस पर सुबह से शाम तक विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलक्टर-एसपी ने गांधी सेवा सदन, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय द्वितीय भवन, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय माणक चौक, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय वीर भांजी का खेड़ा तथा सामुदायिक भवन गोविंद नगर हाउसिंग बोर्ड सहित अन्य मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, मतदाताओं की आवाजाही तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कलक्टर-एसपी ने भीम एवं देवगढ़ नगर पालिका क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान केंद्रों पर चल रही मतदान प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पूरे मतदान दिवस के दौरान प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की गई।

जिले के तीनों नगरीय निकायों में मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उत्साह एवं जागरूकता दिखाई दी। विभिन्न आयु वर्ग के मतदाताओं ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में मतदान संपन्न होने से निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूर्ण हुई।