राजसमंद टाइम्स

मेवाड़ की शौर्य भूमि हल्दीघाटी के नजदीक अमर सिंह की जन्मस्थली के नाम से विख्यात ग्राम पंचायत मचीन्द में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती के पावन अवसर पर 15 से 16 जून 2026 तक भव्य “महाराणा प्रताप जन्मोत्सव मेला” का आयोजन किया जाएगा। पंचायत समिति खमनोर एवं ग्राम पंचायत मचीन्द के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन 15 जून को प्रातः 10:30 बजे मचीन्द में होगा।

शोभायात्रा से होगा आगाज
महोत्सव का शुभारंभ 15 जून को प्रातः 8 बजे कलश यात्रा एवं भव्य शोभायात्रा से होगा। दोपहर में कबड्डी, वॉलीबाल, गोला फेंक एवं महिलाओं की कुर्सी रेस जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। रात्रि 8:30 बजे सांस्कृतिक संध्या में मेवाड़ के लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

आदिवासी खेलों पर विशेष फोकस
16 जून को प्रातः 11 बजे से जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, उदयपुर के प्रायोजन में आदिवासी खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसमें तीरंदाजी, पहाड़ चढ़ाई, पुरुष एवं महिला वर्ग की रस्सा कस्सी तथा महिलाओं की मटकी रेस मुख्य आकर्षण रहेंगी। सायं 6 बजे पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह होगा।
महाराणा प्रताप जयंती का मुख्य समारोह 17 जून से 19 जून तक हल्दीघाटी में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर किया जाएगा।


पंचायत समिति खमनोर विकास अधिकारी हनुवीर सिंह विश्नोई ने बताया कि हल्दीघाटी के मुख्य महाराणा प्रताप जयंती समारोह से पूर्व मचीन्द में दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। मुख्य समारोह शाहीबाग में 17 जून को होगा।18 जून हल्दीघाटी युद्धतिथि को रक्त तलाई को अमर बलिदानियों की स्मृति में बनी छतरियों पर दीपक जलाएं जाएंगे व भजन संध्या का आयोजन होगा। स्वरांजलि समारोह के साथ ही चेतक स्मृति एक दिवसीय अश्व मेले का आयोजन भी होगा। खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी व 19 जून को समापन के पश्चात रात्रि में कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।

गणमान्य अतिथि होंगे शामिल

मचीन्द व हल्दीघाटी के कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़, जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

इतिहास से प्रेरणा लेने का आह्वान
ग्राम विकास अधिकारी ललित प्रसाद बंशीवाल ने बताया कि हल्दीघाटी महाराणा प्रताप की कर्मस्थली एवं युद्धस्थली रही है। राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के इतिहास में इस अनूठे प्रसंग से प्रेरणा प्राप्त करने तथा मेवाड़ के गौरव को सच्ची श्रद्धांजलि देने हेतु यह आयोजन किया जा रहा है। ग्राम पंचायत प्रशासक श्रीमती फेफली गमेती एवं मेला प्रभारी बालमुकुन्द माली ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार मेले में पधारने की अपील की है।

प्रतियोगिता हेतु आवश्यक सूचना
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 14 जून को सायं 5 बजे तक अपना पंजीकरण कराएं। आधार कार्ड आवश्यक है। एक व्यक्ति एक ही टीम में भाग ले सकेगा। अधिक जानकारी हेतु मो. 9166905974 पर संपर्क करें।