अध्यक्ष गिरिराज पालीवाल के नेतृत्व में गरिमामय समारोह आयोजित, जनप्रतिनिधियों को इकलाई, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर किया सम्मानित

नाथद्वारा। 24 श्रेणी पालीवाल समाज, नाथद्वारा द्वारा रविवार को समाज के अध्यक्ष गिरिराज पालीवाल एवं समस्त कार्यकारिणी के तत्वावधान में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं समाज की विशिष्ट उपलब्धियों से जुड़े गणमान्य व्यक्तित्वों के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में समाज की राजनीतिक, सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में बढ़ती सक्रियता और उपलब्धियों का उत्साहपूर्वक उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं मातृशक्ति की बड़ी संख्या में उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
समारोह में मुख्य रूप से जिला राजसमंद की सभापति श्रीमती अनिता पालीवाल, ओडन की नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती राखी पालीवाल, नाथद्वारा नगर पालिका उपाध्यक्ष सी.पी. जोशी, नाथद्वारा के नवनिर्वाचित पार्षद श्रीमती भावना पालीवाल एवं गणेश पालीवाल, खमनोर की वार्ड पंच श्रीमती पुष्पा पालीवाल, भेसकमेड़ की सरपंच श्रीमती तुलसा देवी तथा धोइंदा पालीवाल समाज नवयुवक अध्यक्ष हितेश एवं उनकी कार्यकारिणी का विशेष अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाज अध्यक्ष गिरिराज पालीवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर गिरिराज पालीवाल ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें पारंपरिक इकलाई, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं गिरीश पालीवाल ने सभी विशिष्ट अतिथियों एवं नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उपरना ओढ़ाकर सम्मान एवं अभिनंदन की परंपरा को आगे बढ़ाया।
सभापति श्रीमती अनिता पालीवाल का स्वागत श्रीमती ललिता पालीवाल ने किया, जबकि ओडन की नवनिर्वाचित सरपंच श्रीमती राखी पालीवाल का स्वागत श्रीमती दिव्या पालीवाल एवं श्रीमती सिमी पालीवाल द्वारा किया गया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में गिरिराज पालीवाल ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि का पद केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी से अपने कार्यकाल में पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ जनसेवा करने तथा अपने क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के लिए यह गौरव का विषय है कि समाज के लोग विभिन्न जनप्रतिनिधि पदों पर पहुंचकर जनसेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसी उपलब्धियां समाज की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने आगे कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब शिक्षा, संगठन, सामाजिक एकता और जनसेवा को समान महत्व दिया जाए। समाज की प्रतिभाओं एवं जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना आने वाली पीढ़ियों को सकारात्मक दिशा देने का एक सशक्त माध्यम है।
समारोह में नवयुवक अध्यक्ष कुंदन पालीवाल ने प्रभावशाली ढंग से कार्यक्रम का संचालन किया।
समाज के वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामय उपस्थिति
समाज के वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित नागरिकों में भरत पालीवाल (गीता स्टूडियो), भरत पालीवाल एडवोकेट, गिरीश विद्रोही, लोकेश पालीवाल, महेश, राम चंद्र मुनीम, दिनेश उनवास, मांगीलाल , अजय , ओम , लीलाधर जोशी, दिलीप, अंबालाल , नारायण ओडन, रमेश पालीवाल खमनोर, मुकेश, गणेश पालीवाल (पार्षद) , विजय पालीवाल सहित अनेक गणमान्य समाजबंधु उपस्थित रहे।
समारोह में मातृशक्ति की उल्लेखनीय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी भी विशेष आकर्षण रही। समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल सार्वजनिक जीवन एवं सफल कार्यकाल की कामना की।
समाज की एकता और गौरव का संदेश
यह अभिनंदन समारोह केवल सम्मान का आयोजन नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक शक्ति, संगठनात्मक एकजुटता और सार्वजनिक जीवन में बढ़ती भागीदारी का प्रतीक बनकर सामने आया। अध्यक्ष श्री गिरिराज पालीवाल एवं समस्त कार्यकारिणी द्वारा आयोजित इस पहल की उपस्थित समाजबंधुओं ने सराहना की। समारोह ने यह संदेश दिया कि समाज अपने प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ खड़ा है और समाजहित, जनसेवा तथा विकास के प्रत्येक सकारात्मक प्रयास में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
अंत में सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पुनः बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए समाज की निरंतर प्रगति, एकता एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की गई।