राजसमंद। मालवीय लोहार समाज विकास संस्थान फरारा चौकला की वार्षिक बैठक भव्य एवं गरिमामय आयोजन के साथ संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष भगवतीलाल सिहाड़ ने की।

मुख्य अतिथि के रूप में सामूहिक विवाह समिति 22 चौकला के अध्यक्ष नारायण लाल पालुंडिया उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व अध्यक्ष चतुर्भुज और चुनीलाल धायला मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। संस्थान के सचिव कैलाश लोहार ने स्वागत भाषण दिया और मुख्य एजेंडा प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष रमेश ने गत वर्ष का आय-व्यय का ब्यौरा रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

फरारा रत्न सम्मान समारोह

संस्थान की परंपरा के अनुसार समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को फरारा रत्न से सम्मानित किया गया। फरारा चौकला के भूतपूर्व अध्यक्ष चुनीलाल धायला को समाज संगठन में विशेष भूमिका के लिए और भूतपूर्व कोषाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य शंकरलाल धायला को शिक्षा एवं समाज उत्थान में योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया।

सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियां तेज

आगामी 21 नवंबर 2026 को दामोदरलाल स्टेडियम लालबाग नाथद्वारा में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह सम्मेलन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। समिति के अध्यक्ष नारायण लाल पालुंडिया ने बताया कि अब तक 70 जोड़ों का पंजीकरण हो चुका है। दानदाताओं के सहयोग से 63 लाख रुपये का कोष एकत्रित किया जा चुका है।

बैठक में भानसोल चौकला अध्यक्ष मदन लाल, नला चौकला अध्यक्ष शंकरलाल, वनावल चौकला अध्यक्ष किशन लाल सेमा सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। नवयुवक मंडल फरारा के अध्यक्ष पपलेश और मारवाड़ पाली से आए घनश्याम लोहार का भी स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सचिव कैलाश लोहार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।