राजसमन्द । सोमवार को जिले के चार नगरीय निकायों यथा नगर परिषद राजसमन्द तथा नगरपालिकाओं नाथद्वारा, आमेट एवं देवगढ़ में अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित सदस्यों द्वारा मतदान कर निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार हसीजा के सुपरविजन में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। एसपी हेमंत कलाल के निर्देशन में सभी निकाय क्षेत्रों में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम रहे। 

नगर परिषद राजसमन्द के अध्यक्ष पद के लिए जिला परिषद सभागार में निर्वाचित सदस्यों द्वारा मतदान किया गया। रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती ओम प्रभा ने बताया कि कुल 45 सदस्यों ने मतदान किया। मतगणना के पश्चात भारतीय जनता पार्टी की श्रीमती अनिता पालीवाल को 30 मत तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मोहन लाल को 15 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार श्रीमती अनिता पालीवाल(भाजपा) नगर परिषद राजसमन्द के सभापति पद पर निर्वाचित हुईं। रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उन्हें निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

नाथद्वारा नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए नगरपालिका के सभी 40 निर्वाचित सदस्यों ने मतदान किया। मतगणना में भारतीय जनता पार्टी के परेश सोनी को 23 मत तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अजय कुमार गुर्जर को 17 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार परेश सोनी (भाजपा) नाथद्वारा नगरपालिका के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।

आमेट नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित सदस्यों द्वारा मतदान किया गया। मतदान के दौरान 1 मत अस्वीकृत हुआ। शेष कुल 24 मतों में से भारतीय जनता पार्टी के दिनेश चन्द्र सरणोट को 13 मत तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शौर्य मेवाड़ा को 11 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार दिनेश चन्द्र सरणोट (भाजपा) आमेट नगरपालिका के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए।

देवगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए कुल 25 निर्वाचित सदस्यों में से मतदान किया गया। मतगणना में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की श्रीमती तारा कुमारी को 18 मत तथा भारतीय जनता पार्टी की श्रीमती तारा देवी को 7 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार श्रीमती तारा कुमारी (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस) देवगढ़ नगरपालिका के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुईं। जिले के चारों नगरीय निकायों में निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं तथा पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।