राजसमंद। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय एवं चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों की पालना में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से आपराधिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में कार्रवाई के साथ-साथ स्थायी वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में राजसमन्द पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में एटीएस यूनिट उदयपुर से प्राप्त सूचना पर पुलिस थाना देलवाड़ा द्वारा कार्रवाई करते हुए 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 01 देशी पिस्टल मय मैगजीन एवं 03 जिंदा कारतूस बरामद किए गए तथा एक अर्टिगा कार जब्त की गई।

उक्त सूचना पर थानाधिकारी पुलिस थाना देलवाड़ा सुखदेव सिंह, पुलिस निरीक्षक मय जाप्ता ने नाकाबंदी कर एक अर्टिगा कार को रुकवाया। तलाशी के दौरान कार चालक रमेश कुमार के कब्जे से 03 जिंदा कारतूस तथा दूसरे अभियुक्त रामसिंह के कब्जे से एक देशी पिस्टल मय मैगजीन बरामद हुई। दोनों के पास उक्त हथियार एवं कारतूस रखने का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।

दोनों अभियुक्तों से पृथक-पृथक पूछताछ करने पर उन्होंने मुंबई महाराष्ट्र के जवेरी बाजार स्थित ज्वेलरी शोरूम में सोने की लूट करने के लिए जाना बताया। दोनों अभियुक्तों का आपराधिक रिकॉर्ड चेक करने पर रमेश कुमार के विरुद्ध गंभीर धाराओं में पूर्व के 03 आपराधिक प्रकरण तथा रामसिंह के विरुद्ध गंभीर धाराओं में पूर्व के 04 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया, जिनकी विस्तृत जांच पर कुल 05-05 प्रकरण सामने आए। दोनों अभियुक्तों द्वारा अवैध हथियार एवं जिंदा कारतूस अपने कब्जे में रखकर संगठित रूप से संज्ञेय अपराध करने की फिराक में होना पाए जाने पर धारा 3/25(1)(क)(ख) आर्म्स एक्ट, 1959 संशोधन 2019 एवं धारा 111(2)(ख), 111(4) बीएनएस, 2023 के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने उक्त हथियार एवं कारतूस शिशुपाल सिंह निवासी दाताराई, सिरोही से खरीदकर लाना बताया। प्रकरण का अनुसंधान नरेंद्र सिंह, पुलिस निरीक्षक, थानाधिकारी पुलिस थाना खमनोर द्वारा किया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण और आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर ज्ञात हुआ है कि पहला अभियुक्त रमेश पुत्र प्रकाश कुमार जणवा, जाति जणवा जाट, उम्र 23 वर्ष, निवासी खाकरवाड़ा खरा ऊपर, पुलिस थाना स्वरूपगंज, जिला सिरोही राजस्थान है। इसके विरुद्ध पूर्व में गंभीर मामलों पोक्सो, आबकारी एक्ट, मारपीट व लूट-हत्या के प्रयास में कुल 05 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पहला प्रकरण संख्या 238/04.08.2022 धारा 341,323,506/34 भादस चालान नम्बर 137/31.08.2022, दूसरा प्रकरण संख्या 19/22.01.2024 धारा 307,427,394/34 भादस चालान नम्बर 28/19.04.2024, तीसरा प्रकरण संख्या 01/01.01.2025 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट पीएस रोहिडा चालान नम्बर 28/30.04.2025, चौथा प्रकरण संख्या 6626/25 धारा 305, 331(3),(4) बीएनएस थाना केटी जामनगर मुंबई, तथा पांचवा प्रकरण संख्या 68/26 धारा 137(2) बीएनएस पीएस रोहिडा चालान नम्बर 59/29.05.2026 है।

दूसरा अभियुक्त रामसिंह पुत्र शंकर सिंह भाटी, जाति भाटी राजपूत, उम्र 28 वर्ष, निवासी राजपूतों का बास, अरटिया खुर्द, पुलिस थाना भोपालगढ़, जिला जोधपुर राजस्थान है। इसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट व लूट-फायरिंग, डकैती में कुल 05 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पहला प्रकरण संख्या 187/22 आर्म्स एक्ट पुलिस थाना बेगू जिला चित्तौड़गढ़, दूसरा प्रकरण संख्या 190/25 आर्म्स एक्ट पुलिस थाना बिस्टन जिला खरगौन मध्य प्रदेश, तीसरा प्रकरण संख्या 131/22 पुलिस थाना इलेक्ट्रॉनिक सिटी बेंगलुरु कर्नाटक, चौथा प्रकरण संख्या 46/21 भोपालगढ़ जिला जोधपुर ग्रामीण राजस्थान, पांचवा प्रकरण संख्या 79/23 पुलिस थाना माउन्ट आबू जिला सिरोही राजस्थान है। जिसमें एक प्रकरण 131/2022 पुलिस थाना इलेक्ट्रॉनिक सिटी बेंगलोर में लूट का मामला दर्ज है, जिसमें रामदेव बैकर्स एंड ज्वेलर्स, मायलसंद्रा, बेंगलुरू में वारदात में चार अज्ञात आरोपियों ने वारदात कर लॉकर और दुकान से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल तथा अन्य सामान लूट लिया। जिसमें लगभग 3 किलो 270 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 15 किलो 600 ग्राम चांदी के आभूषण, 80,000 रुपये की लूट की, जिसमें उक्त प्रकरण में अभियुक्त रामसिंह गिरफ्तार हुआ एवं न्यायिक अभिरक्षा में रहा।

पुलिस ने 01 देशी पिस्टल मय मैगजीन, 03 जिंदा कारतूस, 02 मोबाइल फोन और 01 अर्टिगा कार जिसका नंबर RJ24 TA 3424 है, को जब्त किया है।

इस कार्रवाई में एटीएस यूनिट उदयपुर टीम में सहायक उप निरीक्षक दानिश खान, सहायक उप निरीक्षक तेजेन्द्र सिंह, हैड कांस्टेबल दुर्गा सिंह, कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सत्येन्द्र सिंह, कांस्टेबल गिरधर सिंह और कांस्टेबल चालक फिरोज शामिल रहे। पुलिस टीम के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष सहयोग में वृत्ताधिकारी वृत्त नाथद्वारा शिप्रा राजावत, पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी पुलिस थाना देलवाड़ा सुखदेव सिंह, सहायक उप निरीक्षक रामचन्द्र, कांस्टेबल विनोद कुमार, कांस्टेबल रोहिताश कुमार, कांस्टेबल मुकेश कुमार , कांस्टेबल धनराज , कांस्टेबल ईश्वर, कांस्टेबल पुष्पेन्द्र सिंह पुलिस थाना देलवाड़ा, सहायक उप निरीक्षक थाना नाथद्वारा हंसराज, सहायक उप निरीक्षक साइबर सैल शम्भू प्रताप सिंह और कांस्टेबल साइबर सैल ओमप्रकाश शामिल रहे।