राजसमंद। अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा वांछित अपराधियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के उद्देश्य से राजसमंद पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक स्तर पर विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया।

महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार, जिला पुलिस अधीक्षक राजसमंद हेमन्त कलाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पारीक के सुपरविजन तथा सभी वृत्ताधिकारियों के निकटतम निर्देशन में यह अभियान चलाया गया।

जिले के समस्त थानाधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग 47 पुलिस टीमों का गठन कर 16 एवं 17 सितम्बर को पुलिस थाना राजनगर, कांकरोली, कुंवारिया, केलवाड़ा, चारभुजा, आमेट, केलवा, नाथद्वारा, रेलमगरा, खमनोर, देलवाड़ा, भीम, देवगढ़, दिवेर एवं श्रीनाथजी मंदिर की पुलिस टीमों ने अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

अभियान में 180 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने जिलेभर में चिन्हित 241 स्थानों पर दबिश देकर संदिग्ध व्यक्तियों, हिस्ट्रीशीटरों, हार्डकोर अपराधियों, फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गहन जांच की।

अभियान के दौरान जिलेभर में 241 संभावित ठिकानों पर दबिश देकर कुल 71 हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधियों की चेकिंग की गई व आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने की आशंका पर 6 हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को पाबंद कराया गया। साथ ही विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में वांछित 8 आरोपियों एवं लंबे समय से फरार चल रहे 3 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय से जारी 2 गिरफ्तारी वारंटों का भी निस्तारण किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 31 आरोपियों एवं वारंटियों को गिरफ्तार किया गया हैं।

एसपी हेमन्त कलाल ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, फरार एवं वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करना तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को और अधिक मजबूत करना है।

जिला पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को वांछित अपराधियों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध करने वाले अथवा अपराधियों को संरक्षण देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राजसमंद पुलिस द्वारा इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।