राजसमंद।नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में नगर परिषद राजसमंद के सभापति तथा नगरपालिका नाथद्वारा, आमेट एवं देवगढ़ के अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर 2026 को मतदान होगा। मतदान प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक होगा, जिसके बाद मतगणना की जाएगी।

मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। सभी मतदान स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

मतदान स्थल पर ये पाबंदियां रहेंगी –
मतदान की गोपनीयता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों, अभ्यर्थियों और निर्वाचित सदस्यों के अलावा किसी को मतदान स्थल या मीटिंग हॉल में जाने की अनुमति नहीं होगी। मतदान स्थल और मीटिंग हॉल में मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, हथियार, माचिस, लाइटर और अन्य ज्वलनशील सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी। मतदान की गोपनीयता को प्रभावित करने वाली किसी भी वस्तु और ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग करने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर भी प्रतिबंध रहेगा।

प्रतिबंधात्मक आदेश लागू –
5 या 5 से अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर एकत्रित होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार के धरना, प्रदर्शन, जुलूस, नारेबाजी और लाउडस्पीकर के उपयोग पर रोक रहेगी। अस्त्र-शस्त्र, लाठी या डंडा लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। आदेशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया की सतत निगरानी –
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार का आपत्तिजनक संदेश, विवादित पोस्ट, भड़काऊ टिप्पणी, अफवाह या चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट, साझा या प्रसारित न करें। जाति, धर्म, समुदाय या किसी अभ्यर्थी के संबंध में तनाव या विवाद पैदा करने वाली सामग्री प्रसारित न करें। किसी भी अपुष्ट सूचना, फोटो या वीडियो को सत्यता की जांच किए बिना साझा न करें। भ्रामक अथवा पुरानी फोटो-वीडियो को वर्तमान चुनाव से जोड़कर प्रसारित न किया जाए। राजसमंद पुलिस द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की सतत निगरानी की जा रही है। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानून के तहत कार्रवाई होगी।

अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा –
जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अरुण हसीजा, जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक, पुलिस उप अधीक्षक वृत्त राजसमंद नेत्रपाल सिंह, पुलिस उप अधीक्षक मुकेश कुमार, तहसीलदार राजसमंद, जिला परिषद कार्यालय एवं आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, मतदान स्थल तथा यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थानाधिकारी राजनगर ओंकार सिंह एवं यातायात प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने, निर्धारित स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

राजसमंद मुख्यालय पर प्रतिबंधित और वैकल्पिक मार्ग –
100 फीट रोड पर देव हेरिटेज वाले मार्ग से सिविल लाइंस, राजसमंद तक यातायात पूर्णतः बंद रहेगा। किशोर नगर मण्डा से जिला परिषद कार्यालय तक यातायात पूर्णतः बंद रहेगा। बजरंग चौराहे की ओर से 100 फीट रोड पर आने वाले वाहन देव हेरिटेज से रेगर मोहल्ला, कलालवाटी एवं किशोर नगर होते हुए आवागमन कर सकेंगे। कांकरोली की ओर से 100 फीट रोड पर आने वाले वाहन 100 फीट रोड से सिविल लाइंस एवं किशोर नगर होते हुए राजनगर की ओर जा सकेंगे। निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकृत वाहनों को नियमानुसार प्रवेश दिया जाएगा।

पुलिस-प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि प्रतिबंधित मार्गों की ओर वाहन न ले जाएं, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।