
सुरक्षा व्यवस्था के पुख़्ता इंतजाम के साथ सर्वप्रथम परिणाम जारी करने में राजसमंद ने मारी बाजी, 21 सितंबर को चुनेंगे अध्यक्ष, और 22 सितंबर को उपाध्यक्ष
राजसमंद। नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत जिले के समस्त 5 नगरीय निकायों राजसमंद, नाथद्वारा, आमेट, देवगढ़ एवं भीम के लिए मतगणना 14 सितंबर, सोमवार को प्रातः 8 बजे से निर्धारित मतगणना केंद्रों पर हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार हसीजा के निर्देशन सभी रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) की टीम ने मतगणना को शांतिपूर्ण सम्पन्न किया। मतगणना प्रक्रिया पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप संपादित की गई। मतगणना पूर्ण होने के बाद सभी 5 नगरीय निकायों के अंतिम परिणाम घोषित किए गए। इस दौरान एसपी हेमंत कलाल के निर्देशन में सभी मतगणना केंद्रों के आस-पास और शहरों में पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।
राजसमंद रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) श्रीमती ओम प्रभा के निर्देशन में राजसमंद नगर परिषद में जिले के नगरीय निकायों में सर्वाधिक 45 वार्ड होने के बावजूद सबसे पहले अंतिम परिणाम घोषित किया गया। उन्होंने त्वरित एवं सुव्यवस्थित मतगणना के लिए मतगणना प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।
राजसमंद नगर परिषद:
राजसमंद नगर परिषद की मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, राजसमंद में हुई। यहां नगर परिषद के कुल 45 वार्डों की मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने 27 वार्डों में विजय प्राप्त की, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी 14 वार्डों में विजयी रहे। 04 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
नाथद्वारा नगर पालिका:
नाथद्वारा नगर पालिका की मतगणना सेठ मथुरादास बिनानी महाविद्यालय में हुई। नगर पालिका के कुल 40 वार्डों के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने 20 वार्डों में विजय प्राप्त की। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी 19 वार्डों में विजयी रहे, जबकि 01 वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
आमेट नगर पालिका :
आमेट नगर पालिका की मतगणना पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आमेट में हुई। कुल 25 वार्डों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने 14 वार्डों में विजय प्राप्त की, जबकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी 11 वार्डों में विजयी रहे। यहां निर्दलीय प्रत्याशी किसी वार्ड में विजयी नहीं रहा।
देवगढ़ नगर पालिका:
देवगढ़ नगर पालिका की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवगढ़ में हुई। कुल 25 वार्डों के परिणाम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशियों ने 16 वार्डों में विजय प्राप्त की। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 07 वार्डों में विजयी रहे, जबकि 02 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
भीम नगर पालिका:
भीम नगर पालिका की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीम में हुई। कुल 20 वार्डों के परिणाम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशियों ने 14 वार्डों में विजय प्राप्त की। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी 02 वार्डों में विजयी रहे, जबकि 04 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
अध्यक्ष पद को लेकर यह रहेगा कार्यक्रम:
नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत निर्वाचित नगर निकाय सदस्यों के बाद अब अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन की आगामी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपादित की जाएगी। अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए लोक सूचना जारी करने की तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर रहेगी।
नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को की जाएगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि एवं समय 18 सितंबर को अपराह्न 3:00 बजे तक निर्धारित है। इसी दिन अभ्यर्थिता वापस लेने के समय की समाप्ति के तुरंत पश्चात चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी तथा निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
उपाध्यक्ष पद को लेकर यह रहेगा कार्यक्रम:
उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 22 सितंबर को निर्वाचन की प्रक्रिया संपादित की जाएगी। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया हेतु बैठक का प्रारंभ प्रातः 10:00 बजे होगा।
नामांकन पत्र प्रातः 11:00 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे तथा नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11:30 बजे से की जाएगी। अभ्यर्थिता वापस लेने का समय अपराह्न 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यदि मतदान आवश्यक हुआ तो अपराह्न 2:30 बजे से 5:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी।