राजसमंद । नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत जिले के समस्त 5 नगरीय निकायों (राजसमंद, नाथद्वारा, आमेट, देवगढ़ और भीम) के लिए मतगणना 14 सितंबर, सोमवार को प्रातः 8 बजे से निर्धारित मतगणना केंद्रों पर शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अरुण कुमार हसीजा ने मतगणना प्रक्रिया को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप संपादित करने के निर्देश दिए हैं।
राजसमंद नगर परिषद की मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, राजसमंद में होगी। नाथद्वारा नगरपालिका की मतगणना सेठ मथुरादास बिनानी महाविद्यालय में होगी। आमेट नगरपालिका की मतगणना पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आमेट में होगी। देवगढ़ नगरपालिका की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, देवगढ़ तथा भीम नगरपालिका की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भीम में होगी।
मतगणना के लिए सभी संबंधित मतगणना दलों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर दिया गया है। मतगणना प्रक्रिया प्रातः 8 बजे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभ होगी। इस दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। परिसर में भी प्रकार की अनाधिकृत फ़ोटोग्राफी या वीडियोग्राफी अनुमत नहीं होगी। अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।