लोकतंत्र को सशक्त बनाने में वरिष्ठ मतदाताओं के अमूल्य योगदान के प्रति जताया आभार

राजसमंद। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान, जयपुर से प्राप्त निर्देशों की अनुपालना में जिला निर्वाचन विभाग द्वारा वयोवृद्ध मतदाताओं के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में वरिष्ठ मतदाताओं की दीर्घकालीन सहभागिता एवं योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार हसीजा के निर्देशन में जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) राजकुमार कस्वा एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) ओम प्रभा ने वयोवृद्ध मतदाताओं का सम्मान किया। इस दौरान वरिष्ठ मतदाताओं द्वारा वर्षों से मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों एवं निर्वाचन प्रक्रिया को सुदृढ़ करने में दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि वयोवृद्ध मतदाता लोकतंत्र की समृद्ध परंपरा, अनुभव और जागरूक नागरिक सहभागिता के महत्वपूर्ण संवाहक हैं। मतदान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में निरंतर भागीदारी नई पीढ़ी के मतदाताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वरिष्ठ मतदाताओं का सम्मान केवल उनका अभिनंदन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान के लिए कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है।

इस अवसर पर जिला स्वीप कॉर्डिनेटर हरिओम सिंह चुंडावत, रामप्रकाश शर्मा, ललित रावत, ललिता गुर्जर, ईश्वर सिंह, नरेंद्र कुमार, हिम्मत लाल, दिलीप सिंह सहित निर्वाचन विभाग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से जिले के मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने, मतदान के महत्व को समझने तथा अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करते हुए लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।