राजसमंद और उदयपुर में तीन दिवसीय एंड्योरेंस स्पोर्ट्स फेस्टिवल, देशभर से प्रतिभागी लेंगे हिस्सा
राजसमंद। जिले में खेल गतिविधियों एवं फिटनेस को प्रोत्साहित करने की दिशा में जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा के मार्गदर्शन में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ट्राई सागा 2026 के तहत राजसमंद एवं उदयपुर में तीन दिवसीय एंड्योरेंस स्पोर्ट्स फेस्टिवल आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
जिला खेल अधिकारी धर्म देव सिंह ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं एवं खेलप्रेमियों को फिटनेस और एंड्योरेंस स्पोर्ट्स से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने खेलप्रेमियों एवं प्रतिभागियों से अधिकाधिक संख्या में आयोजन से जुड़ने और ट्राई सागा 2026 का हिस्सा बनने की अपील की।

आयोजक अमित कुमार सिंह ने बताया कि फेस्टिवल की शुरुआत 2 अक्टूबर को ऐतिहासिक राजसमंद झील की नौ चौकी पाल पर तैराकी प्रतियोगिता से होगी। प्रतियोगिता प्रातः 8:00 बजे प्रारंभ होगी। इसके पश्चात 3 अक्टूबर को उदयपुर में साइक्लिंग तथा 4 अक्टूबर को रनिंग का आयोजन किया जाएगा। फेस्टिवल के तहत प्रतिभागियों को डुआथलॉन एवं ट्रायथलॉन जैसी स्पर्धाओं में भी भाग लेने का अवसर मिलेगा।
आयोजन से पूर्व प्रतिभागियों के लिए ट्राई सागा 2026 एक्सपो एवं बिब कलेक्शन की व्यवस्था की गई है। एक्सपो में प्रतिभागियों को रेस बिब उपलब्ध कराने के साथ खेल एवं फिटनेस से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। SRA MMA द्वारा फिटनेस चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। Skin Inspired द्वारा स्किनकेयर उत्पादों तथा Lignite Formulations द्वारा प्रोटीन एवं स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन उत्पादों की जानकारी दी जाएगी। Blankspace की ओर से टिरामिसू स्टॉल भी लगाया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार जिन इच्छुक प्रतिभागियों ने अभी तक पंजीयन नहीं कराया है, उनके लिए एक्सपो स्थल पर ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यह सुविधा केवल साइक्लिंग एवं रनिंग स्पर्धाओं के लिए रहेगी। इच्छुक प्रतिभागी 3 अक्टूबर की साइक्लिंग तथा 4 अक्टूबर की रनिंग स्पर्धा के लिए एक्सपो स्थल पर पंजीकरण करा सकेंगे।