नाथद्वारा। नगरपालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष परेश सोनी एवं उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश जोशी ने बुधवार को वैदिक रीति-रिवाज और पूजा-अर्चना के साथ अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के पश्चात दोनों जनप्रतिनिधियों ने नगर के विकास, सफाई व्यवस्था और प्रमुख परियोजनाओं में शामिल गौरव पथ को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई।

पदभार ग्रहण कार्यक्रम की शुरुआत में पालिकाध्यक्ष सोनी ने शुभ मुहूर्त में पंडितों के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं पालिका की चौखट पर नगरसेवक के रूप में नमन कर पदभार ग्रहण किया। वहीं उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश जोशी ने भी श्रीनाथजी का आशीर्वाद लेकर अपनी जिम्मेदारी संभाली।

पदभार ग्रहण के पश्चात मौजूद समर्थकों, पार्षदों एवं पालिका कर्मचारियों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का मेवाड़ी परंपरा के अनुसार पगड़ी व उपरना पहनाकर भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष सोनी ने कहा है कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए सबसे पहले 100 दिवसीय विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। नगर को साफ-सुथरा बनाने के लिए व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए विशेष अभियान आयोजित होंगे। नगर की बहुप्रतीक्षित यमुना विकास योजना सहित अन्य महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं को भी इस कार्यकाल में गति देकर तय समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।

इस गरिमामय समारोह में वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी महेश प्रताप सिंह चौहान, केसर सिंह कुंठवा, नवनीत सोनी, महेश चौधरी, वीरेंद्र पुरोहित, जितेंद्र सोमानी, प्रदीप काबरा, प्रवीण जोशी सहित नगरपालिका आयुक्त, विभिन्न वार्डों के पार्षद तथा पालिका के सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।