राजसमंद। जयपुर में आयोजित 11वें आयुर्वेद दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राजकीय आयुर्वेद औषधालय पंचकर्म केंद्र कांकरोली को श्रेष्ठ चिकित्सालय श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचार के लिए धन्वंतरि पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद प्रमुख शासन सचिव सुबीर कुमार, आयुर्वेद मनीषी श्रीकृष्ण खांडेल, सेवानिवृत्त आईएफएस दीप नारायण पांडे, आयुर्वेद निदेशक डॉ. आनंद शर्मा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

औषधालय के प्रभारी डॉ. विनोद सैनी ने बताया कि प्रतिवर्ष आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेशभर के आयुर्वेद चिकित्सालयों एवं औषधालयों में किए जा रहे उत्कृष्ट चिकित्सकीय कार्यों, नवाचारों एवं रोगियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के आधार पर श्रेष्ठ संस्थानों का चयन किया जाता है। इसी क्रम में राजकीय आयुर्वेद औषधालय पंचकर्म केंद्र कांकरोली का श्रेष्ठ चिकित्सालय श्रेणी में धन्वंतरि पुरस्कार के लिए चयन किया गया।
उन्होंने बताया कि औषधालय में रोगियों को गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेद चिकित्सा उपलब्ध कराने के साथ उपचार की आधुनिक तकनीकों एवं विभिन्न उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। जानुधारा, इंफ्रारेड, ओजोन स्टीमर सहित विभिन्न तकनीकों के माध्यम से जोड़ों एवं अन्य रोगों के उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उपचार की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के उद्देश्य से औषधीय तेलों के निर्माण सहित अन्य कार्य भी किए जा रहे हैं। साथ ही रोगियों से प्राप्त सुझाव एवं फीडबैक के आधार पर औषधालय में आवश्यक सुधार एवं सुविधाओं का विस्तार किया जाता है।
औषधालय में संचालित आरोग्य समिति के माध्यम से आगंतुक रोगियों को विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी श्रेष्ठ चिकित्सक श्रेणी में कांकरोली के प्रभारी डॉ. विनोद सैनी को राज्य स्तरीय धन्वंतरि पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। लगातार 2 वर्षों से औषधालय एवं इसके चिकित्सकीय दल द्वारा आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों और नवाचारों से आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को आमजन तक पहुंचाने एवं लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है।