एक दिन-एक घंटा-एक साथ की भावना के साथ जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आमजन ने निभाई सक्रिय सहभागिता
मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृज मोहन बैरवा ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश

राजसमंद। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत एक दिन-एक घंटा-एक साथ की भावना के साथ बुधवार को पंचायत समिति कुंभलगढ़ स्थित प्रमुख पर्यटन स्थल हमेरपाल तालाब पर स्वैच्छिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने भी श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई तथा आमजन को अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बैरवा ने कहा कि स्वच्छता केवल शासकीय तंत्र का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित प्रयासों के साथ जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाकर ही स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवेश की संकल्पना को साकार किया जा सकता है।
श्रमदान के दौरान हमेरपाल तालाब एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की गई। अभियान में विकास अधिकारी मांगीलाल, जिला स्वच्छता समन्वयक नानालाल सालवी सहित जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सामूहिक श्रमदान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
