राजसमंद। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने नगर निकाय चुनाव प्रचार अभियान में सहभागिता करते हुए विभिन्न वार्डों से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया।

उन्होंने वार्ड संख्या 44 से मुरली भोई, वार्ड 39 से भैरूलाल माली, वार्ड 40 से कैलाश पुरोहित, वार्ड 43 से दिनेश पालीवाल, वार्ड 1 से चेतन कुमावत, वार्ड 2 से सुरेंद्र गाडरी, वार्ड 4 से कैलाश निष्कलंक, वार्ड 30 से इलमुद्दीन पठान, वार्ड 31 से अंजना ललित खटीक, वार्ड 15 से सुलोचना कुमावत, वार्ड 33 से महिप सिंह चारण एवं वार्ड 45 से दिनेश कुमावत के पक्ष में मतदाताओं से सीधा संवाद कर समर्थन का आह्वान किया।

जनसंपर्क के दौरान विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि “देश में भाजपा, राज्य में भाजपा, निकाय में भाजपा” के संकल्प के साथ अब राजस्थान में विकास का ट्रिपल इंजन दौड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब तीनों स्तर पर एक ही सोच और नीति की सरकार होती है, तभी विकास कार्यों को गति मिलती है और जनहित की योजनाएं धरातल पर प्रभावी ढंग से उतरती हैं।

विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि राजसमंद के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी अपने-अपने वार्ड की जनता के प्रति समर्पित भाव से कार्य करेंगे तथा स्वच्छता, सड़क, पेयजल एवं मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने सभी मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।