नाथद्वारा । राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजसमंद श्रीमती अल्का शर्मा (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजसमंद भारत भूषण पाठक (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति नाथद्वारा पुरूषोत्तम लाल सैनी (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति नाथद्वारा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का आयोजन पैरालीगल वालंटियर भैरूलाल परमार द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मोगाना में किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को साक्षरता एवं शिक्षा के महत्व, कानून तथा उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।

शिविर के दौरान भैरूलाल परमार ने विद्यार्थियों को शिक्षा के अधिकार से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों, विद्यालय में प्रवेश एवं नामांकन के महत्व और शिक्षा से वंचित बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही राष्ट्रीय लोक अदालत, निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता कानून तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षा एवं विधिक जागरूकता से संबंधित पेम्पलेट्स वितरित किए गए तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया। शिविर के दौरान विद्यालय के कर्मचारीगण एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।