
नाथद्वारा। नाथद्वारा नगरपालिका चुनाव 2026 में प्रचार ने गति पकड़ ली है। एक ओर वार्ड 23 में बड़ा उलटफेर हुआ है, वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने 8 वार्डों में प्रत्याशी उतारकर चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है।
वार्ड 23 से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी दिनेश प्रजापत उर्फ दीनू दाबेली ने रविवार को प्रेस वार्ता कर अपना समर्थन व्यक्तित्व के आधार पर कांग्रेस प्रत्याशी को देते हुए जनता से भी योग्य जनप्रतिनिधि चुनने की बात कही है। उन्होंने कहा कि नाथद्वारा की पहचान श्रीनाथजी मंदिर से है, यहां का जनप्रतिनिधि वही होना चाहिए जो मंदिर की मर्यादा, स्थानीय परंपरा और वार्ड के विकास को समझता हो। बाहरी दबाव और धमकी की राजनीति अब बर्दाश्त नहीं होगी।
दिनेश प्रजापत ने कहा कि संगठन में उनसे अधिक योग्य उम्मीदवारों का टिकट काटकर उनका वार्ड 23 से नामांकन कराया गया था। कांग्रेस से अजय कुमार गुर्जर का नाम फाइनल होते ही उन्होंने नामांकन वापसी का मन बना लिया था। नामांकन वापसी के दौरान बाहरी लोगों द्वारा बाधा पहुंचाने से तहसील कार्यालय में हंगामा हुआ और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी अजय कुमार गुर्जर को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गुर्जर अनुभवी, शिक्षित हैं और वार्ड की समस्याओं को भली-भांति समझते हैं। व्यक्तिगत संबंध और वार्ड हित को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वार्ड 23 में कांग्रेस से पीसीसी सदस्य देवकीनंदन गुर्जर के पुत्र अजय कुमार गुर्जर मैदान में हैं।
उधर, आम आदमी पार्टी ने सोमवार को सुनीता बाई किन्नर के नेतृत्व में रोड शो कर चुनावी अभियान तेज किया। रोड शो तेलीपुरा सेकंडरी स्कूल के पास सुनीता बाई किन्नर के निवास से शुरू होकर बस स्टैंड, लालबाग, भलावतों का खेड़ा और बिच्छू मगरी तक गया।
पार्टी ने 8 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं। वार्ड 1 से जगदीश चंद्र, वार्ड 2 से कान सिंह राठौड़, वार्ड 12 से देवेंद्र गहलोत, वार्ड 14 से सुनीता बाई किन्नर, वार्ड 22 से कुंजन, वार्ड 26 से सूर्य प्रकाश, वार्ड 31 से पूजा यादव और वार्ड 35 से प्रकाश मीणा प्रत्याशी हैं।
रोड शो के दौरान पार्टी ने जनता के घोषणा पत्र में नाथद्वारा के समग्र विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क-नाली, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी, यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने का संकल्प दोहराया। प्रदेश संगठन महासचिव विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त नाथद्वारा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रत्याशी सुनीता बाई किन्नर ने कहा कि धर्मनगरी की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखना प्राथमिकता होगी और पारदर्शी, जवाबदेह नगरपालिका बनाई जाएगी।
स्थानीय बुद्धिजीवियों का कहना है कि नाथद्वारा का चुनाव दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास और व्यक्तित्व के आधार पर होना चाहिए। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी ने विधायक रहते हुए नाथद्वारा को विश्व पटल पर लाने में अहम भूमिका निभाई थी, उनके प्रयासों से स्वीकृत कई विकास योजनाओं को पक्ष-विपक्ष की राजनीति का ग्रहण लग गया है। नगरपालिका किसी भी दल की बने, मूल विषय नगर का सर्वांगीण विकास होना चाहिए।