हरियालो राजस्थान’ अभियान में निर्धारित लक्ष्य 100 प्रतिशत पूर्ण कर अधिकाधिक पौधारोपण सुनिश्चित करें — जिला कलक्टर हसीजा

राजसमंद । जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने सोमवार को जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों एवं ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा, उपखंड अधिकारी ओम प्रभा सहित जिला स्तरीय अधिकारी कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित रहे। वहीं सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक से जुड़े।

जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा विभागीय स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर प्रकरणों का परीक्षण करें और जहां आवश्यक हो, मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य 100 प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में पौधारोपण गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करते हुए अधिकाधिक पौधरोपण किया जाए। पौधारोपण के साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि अभियान का स्थायी एवं प्रभावी परिणाम सुनिश्चित हो सके। उन्होंने संबंधित विभागों एवं स्थानीय स्तर के अधिकारियों को आपसी समन्वय से अभियान को गति देने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि संपर्क पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण और हरियालो राजस्थान अभियान दोनों ही कार्य सीधे आमजन एवं जिले के विकास से जुड़े हैं। इसलिए सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों एवं समय-सीमा के अनुरूप कार्य करते हुए प्रगति सुनिश्चित करें।