राष्ट्रीय कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण, कलक्टर और सीईओ ने किया महादेव का अभिषेक
राजसमंद । सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं एवं आमजन ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान सोमनाथ, गुजरात में आयोजित राष्ट्र स्तरीय मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित शिखर कार्यक्रम को राजसमंद में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक देखा एवं सुना। माननीय प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसा महान सौभाग्य प्राप्त होना उनके जीवन के सबसे भावुक और अविस्मरणीय क्षणों में से एक है। उन्होंने कहा कि पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष अवसर पर महादेव की पूजा करना एक अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने यह भी कहा कि दर्शन एवं पूजन असीम आध्यात्मिक ऊर्जा का स्रोत है। वहीं जयपुर स्थित झारखंड महादेव मंदिर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।
जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने राजसमंद स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ आयोजन में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार तथा कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग एवं देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। आयोजन के अंतर्गत राज्य के 41 जिलों के प्रमुख शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना एवं राष्ट्रीय कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई थी।