राजसमंद। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा स्वीकृत आजीविका एवं उद्यम विकास कार्यक्रम (एलईडीपी) के अंतर्गत अर्पण सेवा संस्थान द्वारा भीम ब्लॉक में ग्रामीण महिलाओं हेतु सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के तहत कूकड़ा, लसाडिया, बली जस्सा खेड़ा, टोगी, थानेटा एवं बालातो की गुवार ग्रामों की 90 महिलाओं को 30-30 महिलाओं के तीन बैचों में 20 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर एवं स्वागत उद्बोधन के साथ किया गया। इस अवसर पर नाबार्ड, बैंकिंग संस्थाओं एवं अर्पण सेवा संस्थान के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में महिलाओं की सहभागिता, बैंकिंग सहयोग, वित्तीय समावेशन एवं स्वरोजगार गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

नाबार्ड राजसमंद के जिला विकास प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि नाबार्ड का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने महिलाओं को नियमित रूप से प्रशिक्षण में भाग लेने तथा प्रशिक्षण उपरांत स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नाबार्ड की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की।

लीड बैंक प्रबंधक राजसमंद प्रेम शंकर जीनगर ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं स्वरोजगार ऋण संबंधी जानकारी देते हुए बैंक स्तर पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, बचत, वित्तीय साक्षरता एवं ऋण सुविधाओं की जानकारी देते हुए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उद्यमिता से जुड़ने का आह्वान किया।

अर्पण सेवा संस्थान के प्रोग्राम डायरेक्टर डॉ. चंद्र शेखर मीणा ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को सिलाई, कटिंग, डिजाइनिंग, परिधान निर्माण एवं मशीन संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें।

पीएमआईसी बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी प्रशिक्षण बैच निर्धारित समयानुसार संचालित किए जाएंगे तथा महिलाओं को वित्तीय साक्षरता, स्वरोजगार एवं माइक्रो एंटरप्राइज स्थापना हेतु विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इस एलईडीपी परियोजना को ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लेते हुए भविष्य में स्वरोजगार अपनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में संस्था प्रतिनिधि मीना सेन, उदय सिंह एवं झमकू देवी सहित अन्य मौजूद रहे। अंत में अर्पण सेवा संस्थान के महावीर शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।