राजसमंद। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के मेरा युवा भारत(माय भारत) राजसमंद एवं जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग राजसमंद  के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं को खाद्य सुरक्षा प्रणाली, आपूर्ति श्रृंखला संचालन तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पी.डी.एस) की डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से पांच दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम (एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम) का शुभारंभ जिला रसद अधिकारी विजय सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ।

यह जानकारी प्रदान करते हुए माय भारत राजसमंद के जिला युवा अधिकारी हेमंत कुमार मथुरिया ने बताया कि इस अवसर पर प्रतिभागियों को जिला रसद अधिकारी ने  वेयरहाउस प्रबंधन और उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से वितरण प्रक्रिया का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया । उन्होंने युवा स्वयंसेवक को लाभार्थियों के डिजिटल सेवाओं की जानकारी के साथ साथ सार्वजनिक वितरण प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
जिला युवा अधिकारी हेमंत कुमार मथुरिया ने बताया कि 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 05 युवा इस कार्यक्रम में माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीयन करने के पश्चात इस इंटर्नशिप कार्यक्रम में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
प्रवर्तन अधिकारी लोकेश जोशी ने बताया की ये युवा कार्यक्रम के दौरान राशन की उचित मूल्य की दुकानों द्वारा की जानी वाली वितरण प्रकिया, खाद्य सुरक्षा अधिनियम, गिव अप अभियान, प्वाइंट ऑफ सेल मशीन द्वारा लाभार्थी प्रमाणीकरण पर जानकारी लेंगे।
कार्यक्रम में रसद विभाग के जूनियर असिस्टेंट प्रकाश लौरा ने बताया की  युवाओं को भारतीय खाद्य निगम की कार्य प्रणाली से अवगत कराया जाएगा। इस दौरान लेखा एवं कार्यक्रम अधिकारी हनवंत सिंह चौहान, राष्ट्रीय युवा अवॉर्डी शंकर लाल गाडरी, प्रशासनिक सहायक रामेश्वर दयाल शर्मा उपस्थित थे।