विशाल बावा ने करवाया नवीन मार्ग व सीधा घर का अवलोकन, गोल्फ कार्ट से बुजुर्ग व दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

नाथद्वारा। पुष्टिमार्गीय वल्लभ सम्प्रदाय की प्रधानपीठ श्रीनाथजी मंदिर, नाथद्वारा में वैष्णव श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे नवाचारों के क्रम में कामिका एकादशी के पावन अवसर पर नव निर्मित सीधा घर, नवीन प्रवेश मार्ग एवं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए आधुनिक ई-गोल्फ कार्ट वाहन का शुभारंभ किया गया।
गोस्वामी तिलकायत 108 श्री इन्द्रदमन जी महाराजश्री की आज्ञा एवं गोस्वामी चिरंजीव 105 श्री विशाल बावा साहब की प्रेरणा से तैयार किए गए इन सुविधा कार्यों का शुभारंभ तिलकायत महाराजश्री एवं युवाचार्य श्री विशाल बावा साहब के कर कमलों से हुआ।
कार्यक्रम के तहत सर्वप्रथम नवीन गोल्फ कार्ट वाहन का विधिवत पूजन किया गया। मंदिर के पंड्या जी परेश नागर ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न करवाया। इसके पश्चात तिलकायत महाराजश्री ने इसी वाहन से नवीन सीधा घर का अवलोकन किया। महाराजश्री एवं युवाचार्य श्री विशाल बावा साहब ने नवनिर्मित सीधा घर का पूजन कर उसे प्रभु सेवा में समर्पित किया।
इसके बाद दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए तैयार किए गए नवीन प्रवेश मार्ग का भी देहली पूजन किया गया तथा तिलकायत महाराजश्री एवं श्री विशाल बावा साहब ने मार्ग का अवलोकन किया। एकादशी के पावन अवसर पर नवीन प्रवेश मार्ग एवं सीधा घर को प्रभु को समर्पित करते हुए विधिवत शुभारंभ किया गया।

बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगी विशेष सुविधा : युवाचार्य श्री विशाल बावा

युवाचार्य विशाल बावा ने बताया कि आधुनिक ई-गोल्फ कार्ट वाहन की शुरुआत श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रायल के रूप में की गई है। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग एवं दिव्यांग वैष्णवों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि ट्रायल के बाद आवश्यकता के अनुसार शीघ्र ही और नए वाहन उपलब्ध करवाए जाएंगे तथा दर्शनार्थियों को सुगम एवं सुविधाजनक दर्शन हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
श्रीनाथजी मंदिर में लगातार वैष्णवों की सुविधा के लिए किए जा रहे इन कार्यों से दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर मंदिर के मुख्य प्रशासक भारत भूषण व्यास, कृष्ण भंडार अधिकारी सुधाकर उपाध्याय, तिलकायत श्री के निजी सलाहकार अंजन भाई शाह, तिलकायत सचिव लीलाधर पुरोहित, सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, विठ्ठल सनाढ्य, कैलाश पालीवाल, कमलेश पालीवाल, कल्पित जोशी, कैलाश पुरोहित, नितिन पानेरी, गोपी वर्मा, रोहित गुर्जर सहित मंदिर मंडल के सेवाकर्मी उपस्थित रहे।