
राजसमंद। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत द्वारा “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान” के अंतर्गत जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का एक विशेष अवसर प्रदान किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत समूह लोक गीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद, लघु फिल्म/रील निर्माण, नारा लेखन एवं कविता लेखन सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन जिला स्तर पर किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं तथा प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक प्रतियोगिता में ही भाग ले सकेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवाओं को माय भारत पोर्टल पर “वॉलिंटियर फॉर भारत” के अंतर्गत राजसमंद जिले के “नशा मुक्त टैब के सम्बन्धित इवेंट” में पंजीकरण कर आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 27 जुलाई 2026 निर्धारित है।
जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में राजसमंद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय “नशा मुक्त युवा कॉन्क्लेव” में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा, जहाँ माननीय केंद्रीय गृह मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। यह प्रत्येक युवा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अपने जिले एवं राजस्थान का गौरव बढ़ाने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का एक उत्कृष्ट अवसर है।
यह अभियान केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को नशा मुक्त भारत के संकल्प से जोड़ने, समाज में जन-जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने तथा युवा नेतृत्व को प्रोत्साहित करने का एक व्यापक राष्ट्रीय अभियान है।
माय भारत जिला कार्यालय, राजसमंद ने जिले के सभी महाविद्यालयों, विद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, युवा क्लबों तथा अन्य युवा संगठनों से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा है कि यह अवसर केवल पुरस्कार प्राप्त करने का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपने जिले एवं राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का अवसर है।
अधिक जानकारी के लिए माय भारत हेल्पलाइन 14472 अथवा माय भारत जिला कार्यालय, राजसमंद से संपर्क किया जा सकता है।