राजसमंद। जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत बुधवार को विभिन्न पंचायत समिति क्षेत्रों की 13 ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र की आमेट पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत बांडा में आयोजित भव्य ग्राम रथ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़, कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, पूर्व जिला प्रमुख रतनी देवी चौधरी, पूर्व उप प्रधान श्री सज्जन सिंह सोलंकी, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि यथा- हजारी लाल, श्रवण सिंह राव, कैलाश चन्द्र सुथार, गंगा सिंह चुण्डावत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं अधिकारियों में उपखंड अधिकारी आमेट  गोविंद सिंह, विकास अधिकारी गुलाब गुर्जर एवं तहसीलदार आमेट पारस राणा उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों-अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

पूर्व मंत्री श्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक भी योजनाओं की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंच रही है।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को जिले में चल रहे चारों ग्राम रथ माण्डावाड़ा, कामला, तपालो का खेड़ा, सथाना, जोधपुरा, मोही, लवाना, गुडला, कल्लाखेड़ी, बामनहेड़ा, सेंगनवास, बांडा एवं आगरिया का बाटा पहुंचे। यहां एलईडी स्क्रीन, ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सरकार द्वारा संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं से मिलने वाले लाभों के बारे में भी अवगत कराया गया। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने योजनाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने मौके पर समाधान किया।

ग्रामीणों ने ग्राम रथ अभियान को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से गांवों में योजनाओं की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंच रही है। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।