सूचना केंद्र में आयोजित प्रेस वार्ता में उप मुख्यमंत्री ने बताया विकास का रोडमैप

उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने कहा- राजसमंद के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी सरकार

राजसमंद । उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने रविवार को सूचना केंद्र में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, जिला प्रभारी सचिव विकास सीताराम भाले, जिला कलक्टर डॉ भंवर लाल, समाजसेवी मान सिंह बारहठ आदि मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के पश्चात उप मुख्यमंत्री ने सूचना केंद्र परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रेस वार्ता में उप मुख्यमंत्री डॉ बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए तथा मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की सर्व जन हिताय की संकल्पना को साकार करते हुए राज्य सरकार ने बजट 2024-25 में हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं और नीतियों का समावेशन किया है।

त्याग-बलिदान की भूमि राजसमंद का प्रभारी मंत्री बनना गौरव का क्षण

उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार ने बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और सामाजिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रावधान किए हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए व्यापक योजनाएं बनाई गई हैं। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और विकलांगों के कल्याण को यह बजट मजबूती प्रदान करता है। इसके अलावा बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार सृजन और कौशल विकास की दिशा मे तो यह बजट एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए गौरव का क्षण है कि मुझे मेवाड़ की इस त्याग, बलिदान, शौर्य की धरती राजसमंद का प्रभारी मंत्री होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने प्रेस वार्ता में राज्य सरकार द्वारा राजसमंद जिले के लिए की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं की जानकारी दी।

जाखम बांध आधारित वृहद पेयजल परियोजना से बदलेगी तस्वीर

उप मुख्यमंत्री डॉ प्रेम चंद बैरवा ने ने प्रेस वार्ता में बताया कि बजट 2024-25 अंतर्गत हुई घोषणा अनुसार 3530 करोड़ रुपए की लागत से जाखम बांध आधारित वृहद पेयजल परियोजना को पूर्ण किया जाएगा जिससे जिले में पेयजल संकट से जुझ रहे बड़े हिस्से को राहत मिलेगी। इसके अंतर्गत नगर क्षेत्र आमेट, नाथद्वारा एवं राजसमंद के साथ-साथ 302 गावों एवं 378 ढाणियों को लाभान्वित किया जा सकेगा। इसी प्रकार से 150 करोड़ रुपए की लागत से राजसमंद बांध में जल की आवक में अभिवृद्धि करने हेतु खारी फीडर की प्रवाह क्षमता को बढ़ाने के लिए जीर्णोद्धार तथा आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। ऐसा होने से 42 गांवों के लगभग 10 हजार 500 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई तथा राजसमंद शहर को पेयजल व्यवस्था में व्यापक सुधार हो सकेगा। 40.93 करोड़ रुपए की लागत से देवगढ़ तथा आमेट के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों से उप जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाएगा।कुंवारिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत किया जाएगा। राज्यावास उप स्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में क्रमोन्नत किया जाएगा।

पेयजल, सिंचाई, विद्युत, सड़क सहित हर क्षेत्र में हुई घोषणाएं

उन्होंने बताया कि 20 करोड़ रुपए की लागत से देवगढ़ से भीलवाड़ा सड़क चौड़ाईकरण (20 किमी) का कार्य किया जाएगा। 10.50 करोड़ रुपए की लागत से मावली-घोडाघाटी सडक का चौड़ाईकरण (07 किमी) का कार्य होने जा रहा है। भीम में ड्रेनेज सिस्टम एवं रोड लाईट के कार्य पर 10 करोड़ व्यय होंगे। 8 करोड़ रुपए की लागत से उथरडा से मंडियाना 6.5 किमी सडक का चौडाईकरण कार्य होगा। 5 करोड़ रुपए की लागत से आगरिया फीडर का पुनरूद्धार कार्य किया जाएगा। 3 करोड़ रुपए की लागत से मावली से नाथद्वारा वाया गुडली सडक की डीपीआर तैयार कराई जाएगी। राजसमंद में एसीबी का विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय (भ्रष्टाचार निरोधक एक्ट) खोला जाएगा।  गिलुण्ड को उप तहसील से तहसील में क्रमोन्नत किया जाएगा।

राजसमंद के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले के नाथद्वारा आईटीआई में आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। मार्बल, ग्रेनाइट आदि से संबंधित घरेलू और विदेशी उपभोक्ताओं को आकर्षित करने और इस क्षेत्र को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने हेतु राजसमंद में एक स्टोन मंडी स्थापित की जाएगी। आर.के जिला चिकित्सालय राजसमन्द का उन्नयन होगा। देवगढ में 220 केवी जीएसस और केलवाडा में 132 केवी जीएसस स्थापित किया जाएगा जिससे इससे जुड़े कई गावों में विद्युत संबंधी समस्याएं दूर होंगी। अंत में उन्होंने कहा कि वे जिले के निवासियों को यह विश्वास दिलाते हैं कि राज्य सरकार राजसमंद जिले की चहुंमुखी विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। आगामी पाँच वर्षों में राजसमंद जिले के समग्र विकास के प्रति हम पूर्णतः समर्पित है। सरकार हर कोने को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही है। प्रेस वार्ता के दौरान राजसमंद प्रधान अरविन्द सिंह राठौड़, पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक, समाजसेवी माधव जाट, नर्बदा शंकर पालीवाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य ललित चोरडिया आदि मौजूद रहे।